मंडल कारा की 07 महिला बंदी कर रही है छठ – नवादा |
जेल अधीक्षक ने कहा- छठ व्रत करने वाली महिला बंदियों की आस्था का रखा जा रहा ख्याल, जेल के तालाब में किया जायेगा अर्घ्यदान

चार दिवसीय छठ पर्व को लेकर जिस तरह से आम लोगों में उत्साह देखा जा रहा है, उससे अधिक उत्साह जेल के अंदर देखने को मिल रहा है।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ व्रत में नवादा मंडल कारा के अंदर महिला वार्ड में छठी मईया की गीत गुंज रही है। शहर से गांव तक लोग जिस स्तर से उत्साह पूर्व छठ मनाने जुटे हैं, उससे भी अधिक उत्साह से मंडल कारा के अंदर महिला बंदी छठ व्रत करने में जुटी हैं।
जेल के अंदर महिला बंदी ही नहीं बल्कि पुरूष बंदी भी आस्था के इस महापर्व में उत्साहित हैं। जेल के अंदर छठ व्रत करने वाली 7 महिला बंदी शामिल हैं। उनके लिए जेल प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था किया गया है। सभी महिला बंदी छठव्रती शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दी है। सूर्याेपासना के महापर्व छठ व्रत के प्रति लोगों में जो आस्था बनी है उससे ज्यादा जेल के अंदर देखने को मिल रहा है। बाहर की दुनिया में रह रहे लोगों ने अपने परिजनों के साथ छठ करने जुटे हैं, तो वहीं दूसरी ओर जेल में बंद महिला बंदियों ने अपनों से दूर रहकर छठ व्रत करने में जुटी हैं।
जेल में बंद महिला कैदियों के सहयोग में जेल प्रशासन सहित जेल में बंद सभी कैदियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जेल के अंदर महिला वार्ड में बंद 07 विचाराधीन महिला कैदी पूरी आस्था के साथ छठव्रत कर रही हैं। विभिन्न मामलों में जेल में भले ही इन महिलाओं को रहना पड़ रहा हो, लेकिन धर्म और आस्था के प्रति उनकी निष्ठा इतना अटूट है कि अपनों के बगैर ही छठ मइया की अराधना में छठ व्रत कर रही हैं।
जेल के अंदर बनी तालाब को कैदियों ने मिलकर साफ-सफाई कराया। इसके साथ उनके आने-जाने वाली मार्ग को भी साफ कर सजाने का काम किया है, जहां महिला छठव्रती बंदी रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदयीमान भगवान सूर्य की पूजा अर्चना कर अर्घ्यदान करेंगी। इसको लेकर जेल प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किया गया है।
जेल अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि जेल में छठ करने वाली 7 महिला बंदियों में अनिल राम की पत्नी गीता देवी, स्व जगबली सिंह की पत्नी फुलन देवी, स्व साहेब रविदास की पत्नी रिंकु देवी, स्व परशुराम चौधरी की पत्नी ललीता देवी, संजय राम की पत्नी बेबी देवी, विदेशी चौधरी की पत्नी मीना देवी तथा यमुना चौधरी की पत्नी चिंता देवी शामिल हैं।
जेल अधीक्षक ने कहा कि आस्था के इस महापर्व में जितने भी महिला बंदियों ने छठ व्रत किया है, उनके लिए जेल प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था किया है।
जेल में छठ व्रत करने वाली महिला बंदियों ने कहा कि भगवान की आस्था के लिए जगह कोई मायने नहीं रखता है। अपने परिवार ही नहीं समाज और देश दुनिया की सुख समृद्धि की कामना के लिए छठ कर रहे हैं।
जेल के महिला वार्ड में छठी मईया के गीतों से पूरा जेल का माहौल भक्तिमय और छठ की अस्था में डूब गया है। जेल अधीक्षक ने बताया कि छठ पर्व को लेकर जेल के अंदर शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।