BlogLife StylePoliticalStateVIDEO

बड़गांव धाम में 5000 लोगों की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल बनेंगे : श्रवण कुमार ।

रवि रंजन ।

 छठ पूजा की तैयारी को लेकर बड़गांव धाम का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

नालंदा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नालंदा के ऐतिहासिक बड़गांव धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने सांसद कौशलेंद्र कुमार के साथ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और यातायात व्यवस्था समय से पहले दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि छठ बिहार की आत्मा और लोक आस्था का सबसे बड़ा पर्व है। बड़गांव धाम का ऐतिहासिक महत्व है और यहां लाखों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में छठ व्रतियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर जरूरी व्यवस्था कर रही है।

मंत्री ने बताया कि छठ व्रतियों के ठहरने के लिए 5000 लोगों की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल और बांस से बने चार अन्य पंडाल तैयार कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा 16 चलंत शौचालय, 45 स्थायी शौचालय और 10 चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को घाट और तालाब की विशेष साफ-सफाई कराने, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम यातायात व्यवस्था बनाने और माइकिंग के जरिए लगातार जरूरी सूचनाएं देने का निर्देश दिया। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की तैयारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम तैनात करने को कहा।

मंत्री ने स्थानीय लोगों से भी छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

वहीं, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए हरसंभव व्यवस्था की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार, अरुण वर्मा, जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव रंजीत, मुकेश सिंह, विजय कुमार, संजय कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि, स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी राजन कुमार और सिलाव के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रहलाद कुमार भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button