कारगिल चौक पर जीकेसी ने दी वीर जवानों को श्रद्धांजलि
दीपावली की रोशनी में शहीदों के नाम जला दीया,

रवि रंजन ।
पटना: दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन इन खुशियों के पीछे देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों का बलिदान भी जुड़ा है। इसी भावना के साथ ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की कला-संस्कृति प्रकोष्ठ और पटना जिला इकाई ने दीपावली की पूर्व संध्या पर पटना के कारगिल चौक पर ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया।

जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने अपने संदेश में कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनका साहस, शौर्य और देश के प्रति समर्पण हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
वहीं, जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जीकेसी के ग्लोबल उपाध्यक्ष सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार अभिषेक ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष एवं कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रमुख प्रेम कुमार ने कहा कि ‘एक दीया शहीदों के नाम’ के जरिए वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई है। कला और संस्कृति के माध्यम से राष्ट्रभक्ति तथा देशप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाना जीकेसी का उद्देश्य है।
इस मौके पर कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुमार संभव, राष्ट्रीय सचिव सह पटना जिला महासचिव धनंजय प्रसाद, राष्ट्रीय सचिव अनुराग समरुप, प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार, अश्वनी वर्मा, स्मिता वर्मा, यतीश सिन्हा, पल्लवी विक्की, अजय अम्बष्ठ, करन निलेश समेत कई लोग मौजूद रहे।



