पट खुलते ही जय मां दुर्गे की जयघोष से गूंज उठा पूरा शहर, दर्शन को उमड़ी भीड़, देश-विदेश के मंदिरों का स्वरुप दिखा पंडालों में – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |
महासप्तमी पर रविवार की देर शाम पट खुलते ही जय मां दुर्गे की जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।
शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन को लेकर उमड़ पड़ी। अलग-अलग स्वरूपों में मां का दर्शन कर लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम 7 बजे के बाद पट खुलते ही शहर का हर इलाका भक्तिमय हो गया। मां दुर्गा की आरती और शंख ध्वनि से सभी भक्तिभाव में डूब गये।
जगमग पंडालों में माता के अद्भुत स्वरूप हर एक इंसान को आकर्षित कर रहा था। बच्चों में जितना उत्साह देखा जा रहा था उतना ही उत्साह महिलाओं व पुरूषों में भी देखने को मिल रहा था। इस बार शहर में बनी आकर्षक पंडाल आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके अलावा रामनगर और भगत सिंह चौक पर लाईट और पंडाल के साथ माता की प्रतिमाओं का भव्य रूप के र्दशन करने लोग जुट रहे थे।
हाट पर मां दुर्गा के प्रतिमा, अस्पताल रोड देवी स्थान में गन्ने के बने पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन करने वालों की भीड़ लगी रही। इंदिरा गांधी चौक पर विशाल पंडाल में आकर्षक रूप से सजी मां दुर्गा व अन्य देवी देवताओं को देख लोग उत्साहित हो रहे थे।स्टेशन रोड में आकर्षक पंडाल में माता को स्थापित किया गया है। गढ़पर व गोंदापुर में भी सुन्दर लाईट व पंडाल में मां दुर्गा को स्थापित किया गया है। न्यू एरिया में आकर्षक टेम्पल वाला पंडाल देखते बन रहा था, यहां बंगला स्टाईल से मां दुर्गा की सजावट की गई, जो अपने आप में आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।
गया रोड देवी स्थान व डोभरा पर भी आकर्षक पंडाल व प्रतिमा स्थापित किया गया है। सद्भावना चौक बिजली ऑफिस के सामने भी आकर्षक पंडाल के अंदर माता का अलौकिक प्रतिमा को देख लोगों की नजरें हट नहीं रही है।
शहर के कलाली रोड में मां काली का विशालकाय प्रतिमा स्थापित व सजावट लोगों को आकर्षित कर रहा था। पुरानी बाजार में संतोषी माता का दर्शन के बाद महावीर मंदिर में स्थापित भगवान नरसिंह के विशाल रूप को स्पोर्ट लाईट पर सेट किया गया है, यहां लाइटिंग का भी आकर्षक नजारा देखने को मिल रहा है। गोला रोड में भी सजावट व लाइटिंग का काफी सुन्दर दृश्य देखने को मिल रहा। पट खुलने के बाद प्रसाद बिगहा के दुर्गा मंदिर में आरती के लिये लोगों का तांता लगा रहा। प्रसाद बिगहा दुर्गा मंडप को दुल्हन की तरह सजाया गया, इसके अलावा नगर के स्टेशन रोड में भी संगमरमर के स्थापित माता दुर्गा की मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया।
इसी प्रकार रेलवे गुमटी के समीप मां दुर्गा की प्रतिमा का पारम्परिक पूजा करने के लिये श्रद्धालु जुटे रहे। वहीं तीन नम्बर बस स्टैंड के समीप मां दुर्गा के मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा का पूजा देखने वालों की भीड़ जुटी रही। शहर के पूरे मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आकर्षित किया जा सके और रात्रि में लोगों को किसी प्रकार का कोई दिक्कतें नहीं हो। वारिसलीगंज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा भी आकर्षण का केन्द्र बिन्दु बना रहा, खासकर वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के दोसुत गांव में मां के मदिंर और परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।