पानी के लिए कोहराम, हाइवे को किया जाम – नवादा |
डुमरावां महदलित टोला में पेयजल के लिए मचा हाहाकार

रवीन्द्र नाथ भैया |
पानी संकट को झेल रहे जिले के पकरीबरावां प्रखंड के डुमरावां महादलित टोला के लोग गुरुवार को सड़क पर उतर आए। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से नाराज लोग सुबह होते ही सड़क पर उतर गए और नवादा-जमुई स्टेट हाईवे को डुमरावां मुसहरी के पास जाम कर दिया। दर्जनों की संख्या में महिलाएं,बच्चे बर्तन लेकर सड़क पर उतर गए थे। जाम के कारण आवागमन ठप हो गया था। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी. ग्रामीण नियमित पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से नाराज थे।
चंपा देवी, पिंकी देवी, सोनी देवी, सुशीला देवी, रामचंद्र मांझी आदि ने बताया कि बीते कुछ दिनों से नियमित पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। धूप नहीं रहने से सोलर चालित जलापूर्ति केंद्र से पेयजल की आपूर्ति बंद है। ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इस समस्या से विभाग को अवगत कराया गया था, परंतु उनकी बातों को सुना नहीं गया। लोग पेयजल के लिए इधर से उधर भटकते रहते हैं।
जाम की सूचना पर पकरीबरावां अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष शिशुपाल दलबल के साथ पहुंचे। पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा जाम हटवाया। जल्द ही समस्या का समाधान करने के आश्वासन के बाद जाम हटा। तब इस मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ।
ग्रामीणों के आंदोलन की खबर के बाद पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता कुमार प्रदीप एवं कनीय अभियंता संजय कुमार पहुंचे। जल्द ही इस समस्या के समाधान की बात कही। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिजली से मोटर चलाने की व्यवस्था की जा रही है। लोगों के घरों तक जल्द ही नल का जल मिलेगा।