BlogEntertainmentNationalStateWorld

29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित

हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करने को बिहार पहली बार  तैयार

रवि रंजन ।

नालंदा : हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करने को बिहार पहली बार  तैयार है, जो 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। इस प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण विश्व मंच पर बिहार की खेल क्षमता को चमकाने का स्वर्णिम अवसर है। भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, कोरिया और ओमान की शीर्ष टीमें इस महाकुंभ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी, जिससे हॉकी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों का साक्षी बनने का मौका मिलेगा।

हीरो एशिया कप का इतिहास गौरवमयी है, जिसमें कोरिया ने पांच बार खिताब जीतकर दबदबा बनाया है, जबकि भारत और पाकिस्तान तीन-तीन बार चैंपियन रहे हैं। इस टूर्नामेंट का विजेता हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा, जो इस आयोजन को वैश्विक स्तर पर और भी महत्वपूर्ण बनाता है। बिहार में इस टूर्नामेंट का आयोजन न केवल राज्य की संगठनात्मक क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि वैश्विक पटल पर बिहार की खेल छवि को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन को और भव्य बनाने के लिए 17 अगस्त से एक ट्रॉफी गौरव यात्रा शुरु होगी, जो बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड जैसे राज्यों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह और जुनून जगाने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है।

राजगीर खेल परिसर में इस टूर्नामेंट का सफल आयोजन बिहार के लिए गर्व का क्षण होगा। यह न केवल राज्य में खेल के स्तर को उन्नत करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक पहचान को सुदृढ़ करेगा। यह आयोजन बिहार के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा, जो खेल प्रेमियों और राज्यवासियों को एकजुट कर हॉकी के इस महाकुंभ को अविस्मरणीय बनाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button