
सहजाद अहमद ।
बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है l छापेमारी में भारी मात्रा में गुटखा, सुपारी, रैपर और मशीनें बरामद हुईं हैं। पुलिस ने मौके से 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है l
मामला बाँदा शहर कोतवाली क्षेत्र के सुतरखाना मोहल्ले का है जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक मकान के अंदर अवैध तरीके से गुटखा बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा तो अंदर गुटखा बनाने की पूरी व्यवस्था मिली। यहां बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा, सुपारी के बोरे, पैकिंग के रैपर और मशीनें बरामद की गईं l छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तो के नाम हैं- अखिलेश पुत्र जगतनारायण निवासी कालवनगंज, राकेश पुत्र रामप्रसाद निवासी सूतर खाना, तीरथ पुत्र कामता प्रसाद निवासी मर्दन नाका और बसंत पुत्र इन्द्रदत्त निवासी खुटला थाना कोतवाली नगर जनपद बांदा ।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि यह फैक्ट्री काफी समय से अवैध रूप से चल रही थी। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था। अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। आशंका है कि इस कारोबार से जुड़े और लोग भी हो सकते हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



