BlogEntertainmentNationalStateWorld

भारत ने जापान को 3-2 से हराया, एशिया कप राजगीर बिहार 2025 के सुपर-4 में जगह पक्की – राजगीर ।

इस जीत के साथ भारत ने सुपर 4 में अपना स्थान सुनिश्चित किया 

रवि रंजन ।

राजगीर :  हीरो मेंस एशिया कप राजगीर बिहार 2025 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पूल-ए के दूसरे मुकाबले में जापान को 3-2 से हराकर सुपर-4 में जगह बना ली। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5’, 46’) और मनदीप सिंह (4’) ने भारत के लिए गोल किए, जबकि जापान की ओर से कोसेई कवाबे (38’, 59’) ने दो गोल दागे। यह मैच भारतीय गोलकीपर कृष्णा बी पाठक के लिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।

भारत ने पहले क्वार्टर में ही दमदार शुरुआत की और शुरुआती पांच मिनट में दो गोल दागकर बढ़त बना ली। चौथे मिनट में सुखजीत सिंह ने बेसलाइन से बेहतरीन पास दिया जिसे मनदीप सिंह (4’) ने गोल में बदल दिया। अगले ही मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और दो बार रीटेक के बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5’) ने शक्तिशाली शॉट मारकर गोलकीपर को छकाया और बढ़त 2-0 कर दी। जापान को 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने उसे नाकाम कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में जापान ने बेहतर खेल दिखाया और मैच में तेजी आई। 19वें मिनट में रियोसूके शिनोहारा ने बैकहैंड शॉट मारा जो गोलपोस्ट के पास से बाहर चला गया। 24वें मिनट में जापान को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जर्मनप्रीत ने लाइन पर खड़े होकर शानदार बचाव किया। भारत को भी हाफ टाइम से ठीक पहले दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास का ड्रैगफ्लिक लक्ष्य से चूक गया।

तीसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी की और कोसेई कवाबे (38’) ने शानदार कोण से शॉट मारकर गोल किया। इसके बाद जापान ने बराबरी की कोशिश तेज कर दी, लेकिन भारत ने गेंद पर कब्जा बनाए रखते हुए खेल को नियंत्रित किया। क्वार्टर खत्म होने से कुछ सेकंड पहले भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह (46’) ने गोलकीपर के पैरों के बीच से गेंद निकालकर गोल में बदल दिया और भारत को फिर दो गोल की बढ़त दिला दी।

आखिरी क्वार्टर में जापान को शुरुआती मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने लगातार दो शानदार बचाव किए। कुछ देर बाद अभिषेक ने दाईं ओर से सर्कल में जगह बनाई और जोरदार बैकहैंड शॉट मारा, लेकिन जापानी गोलकीपर ने बचाव कर लिया। मैच के अंतिम क्षणों में जापान के कोसेई कवाबे (59’) ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया। आखिरी मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह को येलो कार्ड मिला और भारत 10 खिलाड़ियों के साथ रह गया, लेकिन टीम ने शांत दिमाग से खेलते हुए बढ़त बचाई और जीत सुनिश्चित की।

भारत अब अपने अगले मुकाबले में कज़ाख़स्तान से भिड़ेगा। यह मैच सोमवार, 1 सितंबर को रात 7:30 बजे (IST) खेला जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button