भोजपुर गांव में आयोजित हुआ मुसहर-भुईयां कार्यकर्ता सम्मेलन, एससी/एसटी कल्याण मंत्री डॉ. संतोष कुमार मांझी ने किया उद्घाटन – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |
जिले के पकरीबरावां प्रखंड के बेलखुंडा पंचायत अंतर्गत भोजपुर महादलित टोला में बुधवार को मुसहर-भुईयां कार्यकर्ता का जिला सम्मेलन आयोजित हुआ।
बतौर मुख्य अतिथि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार में अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. संतोष कुमार मांझी ने इसका उद्घाटन किया।
उन्होंने पर्वत पुरुष बाबा दशरथ मांझी एवं माता शबरी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल- मालाओं से स्वागत किया।
सम्मेलन में श्रीमांझी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं मुसहर-भुईयां समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुसहर समाज को एकजुट होने का समय आ गया है। मुसहर समाज में नेता चुनने की ताकत है। वे एकजुट हो जाए तो सरकार बना सकते हैं।
उन्होंने संबोधन के दौरान बिहार के मुखिया नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में महादलित समुदाय के लिए कई काम हुए हैं। कई जनकल्याणकारी योजनाएं सरकार चला रही है, जिसका महादलित समाज के लोगों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा मंत्री के रूप में उन्होंने भी समाज के लिए कई कार्य किया है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होने की अपील की। सम्मेलन को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के प्रदेश अध्यक्ष सह सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार आदि ने संबोधित किया।
मौके पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के जिला प्रभारी रोमित कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष लवकुश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।