AdministrationBiharState

आधी अधूरी तैयारी के साथ आज से शुरू होगी धान की खरीददारी – नवादा |

जिले में आज से औपचारिक रूप से धान की खरीद शुरू हो जाएगी और इसको लेकर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों पैक्स अध्यक्षों को विशेष निर्देश दिया है। लेकिन इस बार आधी अधूरी तैयारी के साथ ही धान की खरीद शुरू हो रही है।
आज से धान की खरीद शुरू होने की तिथि तय है लेकिन जिले में कितना धान खरीदा जाएगा इसका लक्ष्य भी निर्धारित नहीं हुआ है। ना ही पर्याप्त मात्रा में समितियों का चयन हुआ है। पिछली बार जहां करीब 170 पैक्स और व्यापार मंडल समितियों में धान खरीद हुई थी वहीं इस बार 139 समितियों का ही चयन हो पाया है।
अभी स्पष्ट रूप से धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं हो पाया है , लिहाजा फिलहाल सभी समितियों को 100-100 एमटी धान खरीदने का टास्क दिया गया है । इसके लिए 2- 2 लॉट धान खरीद के बाद भुगतान के लिए दी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक से कैश क्रेडिट दिया जा रहा है। सोमवार की देर शाम तक यह कैश भी क्रेडिट नहीं हो पाया था। ऐसे में समझा जा सकता है कि धान खरीद की इस बार कितनी मुश्किल होने जा रही है।
हालांकि इस बार सरकार ने धान का समर्थन मूल्य बढ़ा दिया है यह सुखाड़ झेल रहे जिला के उन किसानों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है जिन्होंने कड़ी मशक्कत से धान उपजाया है।
इस बार मिलेगी अधिक कीमत:-
धान बेचने वाले किसानों को पिछली बार की अपेक्षा इस बार प्रति क्विंटल 100 रुपए अधिक मिलेगा।
जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी किसानों से की जाएगी। जिसको लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में साधारण धान जहां 2040 रुपए प्रति क्विंटल तो ए ग्रेड धान 2060 रुपए प्रति क्विंटल खरीद होगी। जिले में अधिकांश किसानों से साधारण धान की ही खरीद की जाती है।
धान की खरीदारी के लिए पंचायत स्तर पर व्यापार मंडल को चयन किया जाता है। इस बार 139 समितियों का चयन किया गया है।
खरीफ विपणन 2022 – 23 में धान व चावल की खरीदारी को ले पैक्स व व्यापार मंडल द्वारा खरीदे गये धान की मिलिंग कराकर केवल तैयार सीएमआर चावल राज्य की नोडल एजेंसी बिहार राज्य खाद्य व असैनिक आपूर्ति निगम के सीएमआर संग्रहण केन्द्रों पर जमा कराया जाएगा।
मिलिंग और भंडारण पर विशेष ध्यान:-
धान की खरीदारी करने के बाद उसका मिलिंग भी कराया जाएगा। खरीफ विपणन 2022-23 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्य चक्रीय व्यवस्था अंतर्गत संचालित किया जाएगा। जिससे राज्य खाद्य निगम द्वारा सीएमआर चावल की प्राप्ति ससमय प्रारंभ किया जा सके। इसके लिए चावल मिलों के निबंधन व सत्यापन का कार्य पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है।
साथ ही सीएमआर संग्रह केन्द्रों पर सहायक गोदाम प्रबंधक एवं गुणवत्ता नियंत्रक की व्यवस्था की जानी है। इस बार किसानों से जिले में 15 नवंबर से धान की खरीददारी शुरू होनी है लेकिन तैयारियां धीमी है।
140 समितियों का हुआ चयन:-
पैक्स और व्यापार मंडल को धान खरीदने के लिए पूंजी देने वाली संस्था दी नवादा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक बाबू रजा ने बताया कि धान खरीद की तैयारियां पूरी हो गई है। अभी 140 समितियों का चयन हो गया है। देर शाम तक समितियों को कैश क्रेडिट दे दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button