
रवीन्द्र नाथ भैया |
युवक की 17 दिनों पूर्व यानि 10 मई को शादी हुई थी। आज उसका शव पेड़ से झूलता मिला। वह भी खून से लथपथ हाल में। ऐसे में युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहरैठा गांव के समीप अवनैया पहाड़ी पर गुरुवार 26 मई की दोपहर युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव काे बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा लाई है।
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने पहाड़ के उपर पेड़ से झुलता हुआ शव देखा। खबर आग की तरह फैली तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
गोविंदपुर थाना को फोन कर सूचना दी गई। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाण्डेय दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। युवक के शरीर से बहुत खून बहा हुआ था। मामला हत्या है या आत्महत्या पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
युवक के पॉकेट में रहे आधार कार्ड से पहचान कर्णपुर गांव निवासी कैलाश राजवंशी के 25 वर्षिय इकलौते पुत्र मन्टु राजवंशी के रूप में हुई। मृतक के परिजनों को पुलिस द्वारा सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।
पिता कैलाश राजवंशी ने बताया कि बेटा मंगलवार की शाम से लापता था। हम नाते रिश्तेदार के यहां खोजबीन कर रहे थे। आज शव मिलने की सूचना मिली।
उन्होंने हत्या कर शव को पेड़ से लटका देने की बात कही। कहा कि एक लड़की ने हमारे बेटे को फोन कर मंगला घाट पर बुलाई थी। तब से हमारा बेटे वापस घर नहीं लौटा। बेटे को फोन कर बुलाया गया और हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।
मृतक के फुफेरा भाई पिंटू राजवंशी अकबरपुर प्रमुख प्रतिनिधि ने भी आत्महत्या का शक्ल देने के लिए शव को पेड़ से लटका देने का आरोप लगाया है। मृतक के चाचा सुभाष राजवंशी, चचेरे भाई गोपाल राजवंशी एवं ग्रामीणों अरूण दास, रविन्द्र राजवंशी, पिंटू चौधरी ने भी साजिशन हत्या की बात कही है।
10मई को हुई थी शादी :-
युवक की 10 मई 2022 को शादी हुई थी। नई नवेली दुल्हन के हाथ की मेंहदी भी नहीं छुटी और पति का अर्थी सज गया।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी एवं परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष श्रीपाण्डेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही से पता चल पाएगा।