आमजनों की समस्याओं के समाधान हेतु जिलेभर में जनसुनवाई आयोजित – नवादा |

नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के तहत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता वरीय उपसमाहर्त्ता श्री मनोज चौधरी ने की। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 13 शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, बैंक खाते से अनधिकृत निकासी सहित अन्य विभिन्न प्रकार की समस्याएं शामिल थीं।
जनसुनवाई के दौरान थाना नवादा सदर अंतर्गत अस्पताल मोड़ निवासी मनोज कुमार द्वारा निजी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने, मिर्जापुर निवासी परमेश्वर महतो द्वारा भूमि नामांतरण, थाना नरहट अंतर्गत जमुआरा निवासी अश्विनी कुमार शर्मा द्वारा बैंक खाते से अनधिकृत निकासी तथा थाना नेमदारगंज अंतर्गत बरेव निवासी अजय प्रसाद द्वारा दाखिल-खारिज से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
वरीय उपसमाहर्त्ता द्वारा कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध हो सके।
इसी क्रम में अपर समाहर्ता सदर एवं रजौली अनुमंडल कार्यालय सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जहां आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।



