अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा की तैयारी पूर्ण, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु अधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश – नवादा |
नवादा : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में “अधिनायक लिपिक” पद पर चयन हेतु लिखित परीक्षा दिनांक 10 जून 2026 (बुधवार) को नवादा जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक संचालित होगी तथा अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय पूर्वाह्न 08:30 बजे निर्धारित किया गया है।
परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में केन्द्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा सुरक्षा मानकों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों एवं दण्डाधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री एवं लिखित सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व अर्थात पूर्वाह्न 09:30 बजे परीक्षा केन्द्रों का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके पश्चात किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिए ई-प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा एवं कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय भवनों की छतों से भी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी बाहरी तत्व की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अक्षुण्ण बनी रहे।
परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी। विशेष परिस्थिति में शौचालय जाने वाले अभ्यर्थियों की तलाशी एवं निगरानी अनिवार्य रूप से की जाएगी।
परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सुरक्षित स्टैटिक दंडाधिकारी एवं सुरक्षित जोनल दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में श्रीमती निरूपमा शंकर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं पु०नि० श्री मनोज कुमार, प्रभारी लोक शिकायत निवारण कोषांग, पुलिस कार्यालय रहेंगे।
नियंत्रण कक्ष से परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों की गतिविधियों पर पल-पल नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु अग्निशमन, चिकित्सा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बज्रवाहन, वाटर कैनन तथा अश्रुगैस सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा अवधि के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी, नवादा सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवादा सदर विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखेंगे।
परीक्षा के दिन विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में डॉ० अनिल कुमार तिवारी, अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा तथा श्री निशु मल्लिक, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)रहेंगे।
जिला पदाधिकारी ने सभी केन्द्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन के दौरान आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, नवादा सदर, स्थापना प्रभारी, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



