
नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत खरौंध रेलवे स्टेशन के समीप बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रेलवे लाइन बिछाने में प्रयुक्त लोहे की भारी पटरी लदा 18 चक्का ट्रक तेलिया आहर के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक की जान बच गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक रेलवे निर्माण कार्य से संबंधित सामग्री लेकर गुजर रहा था। जैसे ही वाहन तेलिया आहर के समीप स्थित तीखे मोड़ पर पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा।
तीन बार पलटा 18 चक्का ट्रक, फिर 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा:-
देखते ही देखते भारी-भरकम ट्रक अनियंत्रित होकर कई बार पलटता हुआ सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान तेज आवाज सुन आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। खरौंध गांव निवासी समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. रामबालक यादव ने बताया कि मोड़ काफी संकरा और जोखिम भरा है। ट्रक में भारी रेल पटरी लदी होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया।
उन्होंने बताया कि वाहन लगभग तीन बार पलटने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में जाकर रुका।
मामूली चोटों के साथ बचा चालक, ग्रामीणों की सूझबूझ आई काम:-
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गय। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र चला गया। समाचार लिखे जाने तक चालक की पहचान नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम के चालक खुर्शीद आलम एवं सिपाही अस्तुरन देवी मौके पर पहुंचे।
खतरनाक मोड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल:- थानाध्यक्ष ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। ट्रक सुरक्षार्थ एक चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी रेल पटरी से लदे ट्रक के पलटने की घटना ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिया है।



