AdministrationBlogState

44 ग्राम पंचायतों एवं सभी नगर निकायों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर – बेतिया |

आमजन की समस्याओं का मौके पर किया गया समाधान।

बेतिया। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पश्चिम चम्पारण जिले की 44 ग्राम पंचायतों एवं सभी नगर निकायों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

जिला प्रशासन की निगरानी में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई, जबकि पूर्व से लंबित अनेक मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर हजारों ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को राहत प्रदान की गई।

सहयोग शिविरों में राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, कृषि, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा ग्रामीणों एवं वार्डवासियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही प्रारंभ की गई।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने योगापट्टी प्रखंड के भवानीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर एवं नगर निगम बेतिया क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-17 स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में विभिन्न विभागों एवं सेवाओं के लिए स्थापित काउंटरों का क्रमवार अवलोकन किया तथा उनकी कार्यप्रणाली, नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा यह भी ध्यान रखें कि किसी भी पात्र लाभार्थी को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

इस अवसर पर सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वार्डवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button