
रवि रंजन ।
आंगन में बैठी महिलाओं पर गिरी जलती लुतकी
नालन्दा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया, जहां 11000 वोल्ट बिजली के तार से गिरी जलती हुई लुतकी के संपर्क में आने से दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने बताया कि गांव के कई घरों के ऊपर से 11000 वोल्ट का बिजली तार गुजरता है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लोग करंट की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।
आंगन में बैठी थीं दोनों महिलाएं
घटना के समय गुलन कुमारी और मनिला कुमारी अपने घर के आंगन में बैठी थीं। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के तार से जलती हुई लुतकी नीचे गिर गई और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार को लेकर कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



