BlogLife StyleNationalState

पटना सिटी में 53 विभूतियों का सम्मान, ‘कलमजीवी’ स्मारिका का हुआ लोकार्पण; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां – पटना ।

रवि रंजन ।

पटना सिटी में भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के मौके पर प्रतिभा, परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान की ओर से गिरिराज उत्सव पैलेस में आयोजित सांस्कृतिक संध्या सह सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली 53 विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संगीत और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने की। इस दौरान संस्थान की स्मारिका ‘कलमजीवी’ का भी लोकार्पण किया गया।

अपने संबोधन में नंदकिशोर यादव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त का आदर्श ज्ञान, लेखन, कर्म और न्याय का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं, रविशंकर प्रसाद ने कायस्थ समाज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, साहित्य, प्रशासन और राष्ट्र निर्माण में इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करता है और सामाजिक एकता को मजबूत बनाता है।

समारोह का एक खास आकर्षण बिहार राज्यगीत के रचयिता कविवर सत्यनारायण की स्मृति में दिया गया विशेष सम्मान रहा। यह सम्मान झारखंड के वरिष्ठ साहित्यकार निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव को प्रदान किया गया। इसके अलावा राजेंद्र मेघा पुरस्कार से आस्था सिन्हा, निष्ठा, कीर्ति रानी, अनंत आकाश और लावण्या रवि को सम्मानित किया गया। पुरस्कार के साथ सम्मान राशि भी दी गई।

कार्यक्रम में विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, पटना की महापौर सीता साहू, पूर्व कुलपति प्रो. केसी सिन्हा, बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ और राजेश बल्लव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने संगीत और अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया। संस्थान के अध्यक्ष गणेश प्रसाद सिन्हा ने अपने विचार रखे, जबकि कमल नयन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन किया।

संस्थान ने इस आयोजन के जरिए न सिर्फ प्रतिभाओं को सम्मानित किया, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button