BlogLife StyleState

सीमांचल टॉक सह यूथ आइकॉन सम्मान समारोह 23 अगस्त को – पूर्णिया ।

रवि रंजन ।
पूर्णिया : सीमांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से “सीमांचल टॉक सह यूथ आइकॉन सम्मान समारोह-2026” का आयोजन आगामी 23 अगस्त को पूर्णिया स्थित विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल परिसर में किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन इवेंटजिक मीडिया द्वारा किया जा रहा है, जबकि विद्या विहार करियर प्लस (वीवीसीपी) एवं लेट्स इंस्पायर बिहार इसके प्रमुख सहयोगी होंगे। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, सामाजिक सेवा, खेल, कला एवं संस्कृति, युवा उद्यमिता, दूरसंचार, राजनीति, मनोरंजन तथा रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
विद्या विहार ग्रुप के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सीमांचल प्रतिभाओं की धरती है, लेकिन अनेक लोगों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप पहचान नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह ऐसे लोगों को समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है।
वीवीसीपी के निदेशक प्रशांत शंकर ने कहा कि सफल एवं समाज के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करना युवाओं को प्रेरित करने के लिए आवश्यक है। इससे युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होगा।
वीवीआरएस की प्रशासक सुप्रिया मिश्र ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज को नई दिशा भी प्रदान करते हैं।
इवेंटजिक मीडिया के प्रमुख चंदन राज ने कहा कि यह समारोह सीमांचल की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने बताया कि सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की सहभागिता से योग्य व्यक्तियों का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) आशीष झा ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं और इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्योगपति तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने दावा किया कि हजारों लोगों की सहभागिता वाले इस आयोजन से सीमांचल की उपलब्धियों एवं संभावनाओं को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी तथा योग्य प्रतिभाओं के नामांकन की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button