श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ चित्रगुप्त पूजा महोत्सव, नम आंखों से भगवान चित्रगुप्त को दी गई विदाई – पटना ।
औरंगाबाद में विधि-विधान से हुआ भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विसर्जन, शोभायात्रा में उमड़ा चित्रांश समाज

रवि रंजन ।
औरंगाबाद: श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित चित्रगुप्त पूजा महोत्सव का समापन भावुक माहौल में हुआ। कर्मा रोड स्थित चित्रगुप्त सभागार सह लोकनायक जयप्रकाश नारायण सांस्कृतिक भवन में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की जिला इकाई की ओर से आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग शामिल हुए। भक्तिमय माहौल, जयकारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त को विदाई दी।

विसर्जन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भगवान चित्रगुप्त से परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में खुशहाली और आपसी प्रेम एवं भाईचारे की कामना की। पूजा महोत्सव के समापन पर माहौल जहां भक्ति से सराबोर रहा, वहीं विदाई के समय श्रद्धालु भावुक भी नजर आए।
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने किए दर्शन
इससे पहले बुधवार की रात आयोजित पूजा महोत्सव में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह भी भगवान चित्रगुप्त के दर्शन करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त ज्ञान, विवेक और लेखनी के प्रतीक हैं। उनकी पूजा हमें अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदार रहने और हमेशा सत्य एवं न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त पूजा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी विरासत और संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं।
समाज के गणमान्य लोगों की रही भागीदारी
पूजा महोत्सव में शहर के कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके सिंह, डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, डॉ. शीला वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामानुज पांडेय, कृष्णबल्लभ सिंह उर्फ बबुआ जी, लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष, पूर्व प्राचार्या नीलम रानी, रेडक्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र यादव, वरिष्ठ पत्रकार श्रीराम अम्बष्ठ और रविन्द्र कुमार रवि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और चित्रांश समाज के लोग शामिल रहे।
सामाजिक एकता और संस्कार का दिया संदेश
जीकेसी के जिला अध्यक्ष कमल किशोर ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से समाज में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है।
आयोजन के जरिए शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ यह महोत्सव चित्रांश समाज के लोगों के बीच एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने की यादगार मिसाल बना।



