
बसंत ।
गिरियक थाना क्षेत्र में अपहरण की एक गंभीर घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है, वहीं इस मामले में दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 दिसंबर 2025 को राजगीर थाना प्रभारी के मोबाइल पर एक महिला पंजाब निवासी जसवीर कौर ने सूचना दी कि उसके पति सोंडी सिंह, निवासी जालंधर (पंजाब), का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रलोभन देकर अपहरण कर लिया गया है। अपहरण के बाद उनके साथ मारपीट की जा रही थी और उन्हें चार पहिया वाहन से थाना क्षेत्र से बाहर अन्य स्थान ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजगीर एवं गिरियक थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-20 पर आस्था पेट्रोल पंप के समीप संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोका गया। वाहन चालक की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर तलाशी ली गई, जिसमें अपहृत युवक सोंडी सिंह को बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पकरीबारवा के असमा गांव निवासी वासुदेव यादव के पुत्र सोनू कुमार एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव निवासी रमेश प्रसाद के पुत्र लालू कुमार को गिरफ्तार किया हैं। छापेमारी दल में गिरियक व राजगीर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो स्मार्ट फोन तथा एक बोलेरो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR27P0905) भी बरामद किया है



