BlogLife StyleNationalState

आर.के. सिन्हा के निधन से कायस्थ समाज ने खोया अपना मार्गदर्शक, जीकेसी पदाधिकारियों ने ऋतुराज सिन्हा से मिलकर जताई संवेदना – पटना ।

रवि रंजन ।

पटना: वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आर.के. सिन्हा) के निधन से राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के पदाधिकारियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इसी क्रम में जीकेसी के प्रतिनिधिमंडल ने पाटलिपुत्र स्थित उनके आवास ‘अन्नपूर्णा भवन’ पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र एवं भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

इस प्रतिनिधिमंडल में जीकेसी के ग्लोबल उपाध्यक्ष सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार अभिषेक, कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार और राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश महान शामिल थे।

इस अवसर पर दीपक कुमार अभिषेक ने कहा कि आर.के. सिन्हा का निधन कायस्थ समाज के साथ-साथ राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संघर्ष, मेहनत, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ सफलता हासिल करने की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि आर.के. सिन्हा कायस्थ समाज के लिए अभिभावक और प्रेरणास्रोत थे। समाज को संगठित करने, उसकी पहचान मजबूत करने और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन से समाज ने एक अनुभवी मार्गदर्शक खो दिया है। उन्होंने ऋतुराज सिन्हा को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा जीकेसी परिवार उनके और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

वहीं, प्रेम कुमार ने कहा कि आर.के. सिन्हा का व्यक्तित्व बहुआयामी था। पत्रकारिता से लेकर राजनीति, उद्योग और समाजसेवा तक उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने अपनी प्रतिभा और कर्मठता से कायस्थ समाज को गौरवान्वित किया। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

जीकेसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश महान ने कहा कि आर.के. सिन्हा का जीवन कर्मठता, अनुशासन और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच और कार्यक्षमता से उद्योग जगत में पहचान बनाने के साथ समाज के लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सिन्हा जाति और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की मदद के लिए जाने जाते थे। उनकी आर्थिक सहायता से कई लोगों ने उच्च शिक्षा हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर क्षेत्रों में अपना मुकाम बनाया। उनके विचार और सामाजिक योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।

गौरतलब है कि डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा देश के जाने-माने उद्यमी, वरिष्ठ पत्रकार, भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल और पूर्व राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने पत्रकारिता से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। वर्ष 1974 के जेपी आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। बाद में उन्होंने निजी सुरक्षा सेवा के क्षेत्र में एसआईएस ग्रुप की स्थापना की, जिसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। रोजगार सृजन, उद्यमिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।

22 सितंबर 1951 को जन्मे आर.के. सिन्हा का 30 अक्टूबर 2026 की सुबह नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया था। वह 75 वर्ष के थे। पटना के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके पुत्र ऋतुराज सिन्हा ने मुखाग्नि दी। जीकेसी के पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button