BlogCrimeState

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 4 की मौत बांदा ।

सहजाद अहमद ।
बांदा / उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार हादसा देहात कोतवाली थाना क्षेत्र से गुजरने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 9 बजे हुआ। आजमगढ़ निवासी एक ही परिवार के पांच लोग स्कॉर्पियो वाहन से महोबा जा रहे थे। वाहन में चालक, तीन महिलाएं और एक युवती सवार थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे गैस सिलेंडरों से लदे डीसीएम ट्रक से पीछे से जा टकराई।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक और दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि इलाज के दौरान एक अन्य महिला ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि संभवतः स्कॉर्पियो चालक को नींद आ गई थी, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर डीसीएम ट्रक से टकरा गया। फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और यातायात को सामान्य कराया गया है।
वहीं जिलाधिकारी अमित आसेरी ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा घायल युवती के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button