माधुरी दीक्षित के 59वें जन्मदिन पर जमशेदपुर में माधुरी महोत्सव भव्य रूप से मनाया गया – झारखंड

रवि रंजन ।
जमशेदपुर : बॉलीवुड की धक-धक गर्ल Madhuri Dixit का 59वां जन्मदिन इस बार झारखंड के जमशेदपुर में बेहद भव्य और अनोखे अंदाज में मनाया गया। अभिनेत्री के जबरदस्त प्रशंसक और समाजसेवी Pappu Sardar ने इस विशेष आयोजन को “माधुरी त्योहार” का नाम दिया, जिसने पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
15 मई 1967 को जन्मीं माधुरी दीक्षित के जन्मदिन को लेकर जमशेदपुर में सुबह से ही उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। साकची बाजार स्थित आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, पोस्टरों और अभिनेत्री की तस्वीरों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए और कार्यक्रम को यादगार बनाया।

करीब 29 वर्षों से लगातार पप्पू सरदार अभिनेत्री माधुरी दीक्षित का जन्मदिन सामाजिक सेवा और जनउत्सव के रूप में मनाते आ रहे हैं। उनका चर्चित संदेश —

“काम पप्पू सरदार का, नाम माधुरी दीक्षित का”
अब शहर में एक अलग पहचान बन चुका है।
दो दिवसीय “माधुरी त्योहार” के पहले दिन आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के लोकप्रिय गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के नृत्य और प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

इसके साथ ही ISKCON की टीम द्वारा “हरे राम-हरे कृष्ण” संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी ने पूजा संपन्न कराई, जबकि पप्पू सरदार यजमान के रूप में मौजूद रहे। पूजा के दौरान अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की गई।
रात करीब 11:30 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने की होड़ भी देखने को मिली। आयोजन में आम लोगों के लिए मुफ्त चाट-गोलगप्पा वितरण, बच्चों के लिए फ्री झूला, क्रिएटिव प्ले जोन और मिठाई वितरण की व्यवस्था की गई थी।
आयोजन के दूसरे दिन करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगजनों को भोजन कराने और उपहार वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा 50 से अधिक वरिष्ठ समाजसेवी नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।
पप्पू सरदार ने कहा कि माधुरी दीक्षित उनके लिए सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं बल्कि प्रेरणा और भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष समाज के लोगों के साथ मिलकर यह उत्सव मनाना उनके जीवन का सबसे बड़ा सुख है।
पिछले वर्ष भी उन्होंने अभिनेत्री के जन्मदिन पर तीन गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी।
झारखंड से लेकर बिहार समेत देशभर में इस अनोखे आयोजन की चर्चा हो रही है। लोगों के बीच पप्पू सरदार की पहचान अब “माधुरी दीक्षित के सबसे बड़े फैन” के रूप में बन चुकी है। मनोरंजन, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम बना “माधुरी त्योहार” अब जमशेदपुर की एक खास पहचान बनता जा रहा है।



