BlogCrimeState

विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार, 11 के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी – नवादा |

नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज दहेज हत्या का मामला सामने आया है। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के तेयार गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई विवाहिता राखी देवी के मामले में स्थानीय पुलिस ने दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मृतका के मायके वालों द्वारा लगाए गए संगीन आरोपों के आधार पर पुलिस ने त्वरित और कड़ा ऐक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी पति दीपक साहू को ऑन-स्पॉट गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बुधवार को घर के भीतर फंदे से लटकती मिली थी लाश:-
नेमदारगंज थाना पुलिस और मृतका के परिजनों से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मृतका राखी देवी के पिता राजेश गुप्ता (निवासी चंदेला-अरई केशोपुर, थाना अतरी, जिला गया) ने अपनी बेटी की डोली अकबरपुर क्षेत्र में बड़े अरमानों से भेजी थी। बुधवार को तेयार गांव निवासी दीपक साहू की पत्नी राखी देवी की लाश घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। शुरुआती सूचना के मुताबिक, महिला का शव फंदे से झूलता पाया गया था और बताया गया था कि जब यह घटना हुई, तब उसका पति किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। लेकिन मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया ।
पति समेत 11 लोगों पर नामजद प्राथमिकी , अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी:-
बेटी की मौत की खबर सुनते ही गया से रोते-बिलखते पहुंचे पिता राजेश गुप्ता ने नेमदारगंज थाने में आवेदन देकर सीधे आरोप लगाया कि उनकी पुत्री राखी देवी को शादी के बाद से ही सोने की चेन, गाड़ी और नकद रुपयों के दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने के कारण उनके दामाद और ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने पति दीपक साहू समेत परिवार के 11 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
दो छोटे मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया:-
वारदात का दुखद पहलू यह है कि मृतका अपने पीछे दो छोटे-छोटे दूध मुंहे बच्चों को छोड़ गई है, जिनका अपनी मां के बिना रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही नेमदारगंज के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा था।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी पति दीपक साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शेष 10 फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें तेयार गांव और संभावित ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। थानाध्यक्ष ने साफ किया कि पुलिस वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा तब दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button