AdministrationBlogNationalPoliticalState

Nitish Setu: गंगा पर बना बिहार का नया छह लेन पुल, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे लोकार्पण – पटना ।

रवि रंजन ।

14 साल का इंतजार खत्म, गंगा पर तैयार हुआ नीतीश सेतु; 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन …

14 साल का सपना अब हकीकत बनने को तैयार

बिहार में गंगा नदी पर कनेक्टिविटी की एक नई इबारत लिखी जा चुकी है। कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बना छह लेन का नीतीश सेतु अब उद्घाटन के लिए तैयार है। करीब 14 साल पहले जिस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना की गई थी, वह अब धरातल पर उतर चुकी है। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस पुल के चालू होने से बिहार के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती मिलने के साथ उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

नीतीश सेतु का PM करेंगे उद्घाटन

2012 में रखी गई थी परियोजना की नींव

नीतीश सेतु की कहानी साल 2012 से शुरू होती है। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी। सितंबर 2012 में इसे सैद्धांतिक मंजूरी मिली। इसके बाद 2013 में परियोजना के लिए सलाहकार नियुक्त किए गए और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई। जून 2013 में मुख्यमंत्री के सामने पुल का विस्तृत प्लान प्रस्तुत किया गया।

केंद्र की मंजूरी के बाद शुरू हुआ निर्माण

दिसंबर 2014 में केंद्र सरकार ने परियोजना को मंजूरी दी। इसके साथ ही एशियाई विकास बैंक (ADB) से वित्तीय सहायता लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। दिसंबर में एनओसी मिलने के बाद 2015 में बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। अंतरराष्ट्रीय टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ। कई वर्षों के निर्माण और चुनौतियों के बाद अब यह परियोजना पूरी हो चुकी है।

5,571 करोड़ रुपये से अधिक की लागत

नीतीश सेतु का होगा उद्घाटन

नीतीश सेतु बिहार की बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण पर कुल 5,571.69 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना में एशियाई विकास बैंक और बिहार सरकार की महत्वपूर्ण वित्तीय भागीदारी रही है। पुल का निर्माण EPC मॉडल के तहत कराया गया।

नीतीश सेतु की लागत का पूरा हिसाब:

  • कुल परियोजना लागत: 5,571.69 करोड़ रुपये
  • एशियाई विकास बैंक का ऋण: 3,472.15 करोड़ रुपये
  • बिहार सरकार की हिस्सेदारी: 2,099.54 करोड़ रुपये

21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे राष्ट्र को समर्पित

अब इस परियोजना के लोकार्पण की तारीख भी तय है। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद बिहार को गंगा पर एक और महत्वपूर्ण छह लेन का पुल मिलेगा। कच्ची दरगाह और बिदुपुर को जोड़ने वाला यह सेतु आवागमन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास के लिहाज से अहम साबित हो सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने इस पुल को बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास में एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। 2012 में देखे गए सपने से लेकर 2026 में तैयार हुए इस पुल तक का सफर बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की लंबी कहानी बयां करता है।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button