BlogEntertainmentLife StyleNationalState

छठ व्रतियों के बीच इनर व्हील क्लब ऑफ पटना ने बांटी साड़ी और पूजन सामग्री, सेवा भाव से मनाया लोक आस्था का पर्व – पटना ।

रवि रंजन ।

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सामाजिक सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ पटना की ओर से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कदमकुआं स्थित बुद्ध मूर्ति, शिव शक्ति दुर्गा मंदिर के समीप छठ व्रत करने वाली महिलाओं के बीच साड़ी, सूप, नारियल और पूजा की अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। इस पहल का उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा से जुड़ी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना और उनके पर्व की खुशियों में सहभागी बनना था। क्लब की सदस्यों ने अपने स्तर से सहयोग करते हुए जरूरतमंद महिलाओं के बीच सामग्री वितरित की।

इस मौके पर क्लब की सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, त्याग, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इस पर्व की वास्तविक भावना तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।

क्लब की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने में आर्थिक एवं अन्य रूपों में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इनर व्हील की सेवा भावना का मूल उद्देश्य है।

कार्यक्रम का समापन छठी मैया और भगवान सूर्य से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button