AdministrationBlogState

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 39 करोड़ 14 लाख 53 हजार 200 राशि हस्तांतरित – बेतिया |

पश्चिम चम्पारण के 3,33,195 पेंशनधारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि प्राप्त।

सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध: जिला पदाधिकारी।

कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं असहाय महिलाओं के लिए सम्मानजनक जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार।

सतेन्द्र पाठक |

बेतिया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पेंशनधारियों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज मुख्यमंत्री बिहार, सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पेंशनधारी लाभुकों के खातों में डीबीटी के जरिए मासिक पेंशन राशि का हस्तांतरण किया गया।

इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लाभुकों के खातों में प्रति माह 1100 रुपये की दर से पेंशन राशि भेजी गई।

पश्चिम चम्पारण जिले में इस कार्यक्रम के तहत 3,33,195 पेंशनधारी लाभुकों के खातों में कुल 39 करोड़ 14 लाख 53 हजार 200 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण होने से लाभुकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।

पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय सभागार, बेतिया में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पेंशनधारी एवं अन्य लाभुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और लाभुकों से संवाद किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी, तरनजोत सिंह ने सभी पेंशनधारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं असहाय महिलाओं के लिए सम्मानजनक जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है कि सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे।

उन्होंने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि आमजनों की सुविधा के लिए राज्य सरकार द्वारा सहयोग पोर्टल भी प्रारंभ किया गया है तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। सहयोग पोर्टल के माध्यम से पेंशन, आवास, शौचालय, म्यूटेशन, परिमार्जन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं को ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिले के 06 लाभुक दंपतियों को भी लाभान्वित किया गया। लाभुक दंपतियों को योजना के तहत एक लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी लाभुक दंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरजातीय विवाह सामाजिक समरसता एवं समानता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लाभुकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button