
रवि रंजन ।
नालंदा / हिलसा के चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदु बिगहा गांव में नाली और रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद दिनदहाड़े गोलीबारी हुई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से 30 वर्षीय अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
घटना चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदु बिगहा गांव की है। मृतक की पहचान विजय पासवान के पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पड़ोसियों के बीच नाली और रास्ते को लेकर पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। तीन दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी। स्थानीय लोगों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया था।
गुरुवार को एक बार फिर विवाद भड़क गया। जानकारी के मुताबिक, अमरीक पासवान और विजय पासवान के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गोलीबारी होने लगी। फायरिंग में अजय कुमार के सीने के बाएं हिस्से में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही अजय कुमार की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद चिकसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष गौरव सिन्धु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाली-गली विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प और गोलीबारी हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



