BlogLife StyleState

शहीद जगतपति कुमार को शहादत दिवस पर श्रद्धापूर्वक किया गया याद, स्कूली पाठ्यक्रम में जीवनी शामिल करने की मांग – औरंगाबाद ।

रवि रंजन ।
औरंगाबाद: देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 1942 की अगस्त क्रांति के अमर शहीद जगतपति कुमार को उनके शहादत दिवस पर मंगलवार को उनके गृह जिले औरंगाबाद में श्रद्धापूर्वक याद किया गया। शहर के नगर भवन और रमेश चौक के समीप स्थापित शहीद जगतपति कुमार की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी) औरंगाबाद के बैनर तले आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नमन किया।
जीकेसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह राष्ट्रीय प्रवक्ता कमल किशोर ने कहा कि शहीद जगतपति कुमार बिहार के उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल हैं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। वर्ष 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में देशभर में भारत छोड़ो आंदोलन की लहर थी। इसी दौरान युवा क्रांतिकारियों का एक दल पटना सचिवालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए निकला था।


बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के प्रयास के दौरान अंग्रेजी हुकूमत ने क्रांतिकारियों पर गोली चला दी। इस घटना में जगतपति कुमार अपने छह अन्य साथियों के साथ शहीद हो गए। उनका बलिदान बिहार के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में आज भी प्रेरणा का स्रोत माना जाता है।
कार्यक्रम में जेपी सेनानी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शहीद जगतपति कुमार जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह बताना जरूरी है कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया और अनेक वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी।
लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष ने शहीद जगतपति कुमार की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों को स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदान की जानकारी दी जानी चाहिए। इससे बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एनसीसी और स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी खास रही। इस दौरान देशभक्ति के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।


मौके पर अजय वर्मा, श्रीराम अम्बष्ठ, राजू रंजन सिन्हा, राजेश कुमार, संजय सिन्हा, गणेश प्रसाद, अभय सिन्हा, रणविजय सिन्हा, मनीष सिन्हा, सूर्यकांत, दीपक बलजोरी, सुनील सिन्हा, मधुसूदन सिन्हा, प्रेम कुमार, ब्रजमोहन शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button