राजगीर जू सफारी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, उत्कृष्ट कार्य के लिए वनकर्मियों को सम्मान – राजगीर ।

रवि रंजन ।
नालन्दा / राजगीर। राजगीर जू सफारी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन देशभक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में सफारी के निदेशक श्री राम सुंदर एम. ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। परेड की कमान वनपाल निरंजन कुमार ने संभाली।
अपने संबोधन में निदेशक ने राजगीर जू सफारी को बिहार का प्रमुख इको-टूरिज्म गंतव्य और वन्यजीव संरक्षण का अग्रणी केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष सफारी में रिकॉर्ड 4,07,433 पर्यटक पहुंचे, जिनमें बिहार के 318 स्कूलों के 18,609 छात्र शामिल थे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 48,831 अधिक रहा और सफारी की स्थापना के बाद दूसरा सबसे बड़ा फुटफॉल दर्ज किया गया।

पर्यटकों की सुविधा और आधारभूत संरचना में सुधार को लेकर निदेशक ने यूनिफाइड प्रायोरिटी पैकेज की शुरुआत को महत्वपूर्ण बताया। इसके जरिए जू सफारी और नेचर सफारी को एक साथ जोड़कर पर्यटकों को लंबी कतारों से राहत दी गई है। पर्यटकों के लिए 180 डिग्री की अत्याधुनिक एनिमेशन फिल्म ‘द वाइल्ड कॉल’, नया स्मारिका स्टोर और उन्नत फूड काउंटर भी शुरू किए गए हैं।

वन्यजीव कल्याण के क्षेत्र में पशुचिकित्सक टीम के कार्यों की भी सराहना की गई। टीम ने गंभीर हाइपोथर्मिया से पीड़ित शेर के बच्चे L2C1 को बचाकर उसका सफलतापूर्वक पालन-पोषण किया। इसके अलावा शावकों में मिर्गी के दौरों का उपचार, एक ब्लैकबक के फ्रैक्चर का इलाज और सभी नवजात शावकों की माइक्रो-चिपिंग का कार्य पूरा किया गया।
समारोह के दौरान निदेशक ने फ्रंटलाइन स्टाफ और सफारी गाइडों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण को विश्वस्तरीय पर्यटन से जोड़ने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर निदेशक श्री राम सुंदर एम. ने उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय गतिविधियों और संस्था के प्रति समर्पित सेवा के लिए वनपाल निरंजन कुमार और वनरक्षी अजय कुमार वर्मा को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया।



