आर.के. सिन्हा की स्मृति में 2027 से शुरू होगा पत्रकारिता सम्मान, हर साल सम्मानित होंगी कलम की विभूतियां – पटना ।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट की पहल, पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान; ऋतुराज सिन्हा के सहयोग से आगे बढ़ेगी विरासत

रवि रंजन ।
पटना: वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एसआईएस समूह के संस्थापक और भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे स्वर्गीय आर.के. सिन्हा (रविंद्र किशोर सिन्हा) की स्मृतियों को सहेजने और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट ने वर्ष 2027 से हर साल ‘आर.के. सिन्हा पत्रकारिता सम्मान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इस सम्मान के जरिए पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं प्रख्यात लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल स्वर्गीय आर.के. सिन्हा के प्रति ट्रस्ट की श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि सिन्हा साहब का व्यक्तित्व केवल एक सफल उद्यमी या पत्रकार तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने अपने जीवन में समाज के विभिन्न वर्गों की मदद की और अनेक पत्रकारों एवं जरूरतमंद परिवारों को संरक्षण दिया।
श्रीवास्तव के मुताबिक, वर्ष 2022 में पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में ट्रस्ट की ओर से आर.के. सिन्हा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था। इसी अवसर पर उन्होंने लिखित रूप से ट्रस्ट का मुख्य संरक्षक बनना स्वीकार किया था। अब उनके सम्मान और सामाजिक योगदान को यादगार बनाने के लिए यह वार्षिक पुरस्कार शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिन्हा ने सेवा, सामाजिक सरोकार और उद्यमिता की जो विरासत बनाई, उसे उनके पुत्र एवं एसआईएस समूह के प्रमुख ऋतुराज सिन्हा आगे बढ़ा रहे हैं। ट्रस्ट को उम्मीद है कि ऋतुराज सिन्हा के सहयोग और मार्गदर्शन से यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगा।
जल्द प्रकाशित होगी आर.के. सिन्हा की जीवनी
इस मौके पर मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने एक और अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आर.के. सिन्हा के जीवन और संघर्षों पर आधारित उनकी लिखी जीवनी जल्द ही प्रकाशित होने वाली है। इस पुस्तक को प्रामाणिक बनाने के लिए स्वयं सिन्हा साहब ने उन्हें दिल्ली, ऋषिकेश, हरिद्वार, वाराणसी, पटना, बक्सर और देहरादून जैसे शहरों की यात्रा कराई थी। इन यात्राओं के दौरान उनके जीवन से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को करीब से जानने का अवसर मिला।
जन्मभूमि बक्सर से जुड़ी थीं खास यादें
वर्ष 2024 के दिनों को याद करते हुए श्रीवास्तव ने बताया कि बक्सर की महान विभूतियों की जन्मस्थलियों के भ्रमण के दौरान जब आर.के. सिन्हा अपनी जन्मभूमि पहुंचे तो वे काफी भावुक हो गए थे। अपनी मिट्टी और पुरानी यादों से उनका जुड़ाव बेहद गहरा था।
मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने कहा कि ऋतुराज सिन्हा और ट्रस्ट के सहयोग से स्वर्गीय आर.के. सिन्हा की रचनाओं, विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
गौरतलब है कि मुरली मनोहर श्रीवास्तव उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के जीवन पर पुस्तक लेखन, उनकी स्मृति में राजकीय समारोह की शुरुआत और डुमरांव में संगीत महाविद्यालय की स्थापना जैसी सांस्कृतिक पहलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। अब आर.के. सिन्हा के नाम पर पत्रकारिता सम्मान की शुरुआत इसी विरासत को आगे बढ़ाने की एक नई कड़ी मानी जा रही है।



