शॉर्ट फिल्म ‘गांव से एआई तक’ का मुहूर्त संपन्न, कई गणमान्य रहे मौजूद – नवादा |

नवादा : जिले की सदर प्रखंड क्षेत्र औरैना पंचायत ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए बिहार की पहली ऐसी पंचायत बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसने अपने प्रतिभाशाली बच्चों को “बिहार एआई समिट-2026” तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रेरणादायक यात्रा को अब बड़े पर्दे पर उतारा जा रहा है।
शनिवार को नगर स्थित एक होटल में बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म “गांव से एआई तक” का मुहूर्त संपन्न हुआ। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन नवादा नगर परिषद की मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी ने किया। वहीं, पूर्व मुख्य पार्षद संजय यादव भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित फिल्म का निर्माण शुरू:-
फिल्म की कहानी ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों की वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद “बिहार एआई समिट-2026” में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और तकनीक की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म का निर्माण “आरू एंटरटेनमेंट” के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म से जुड़े निर्माता संजय कुमार ने बताया कि यह परियोजना समाज में शिक्षा और तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगी। फिल्म को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल है और इसे ग्रामीण प्रतिभा को मंच देने वाली एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।


