AdministrationBlogLife StyleState

कहीं पानी के लिए हाहाकार, कहीं हजारों लीटर पानी बर्बाद – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिला मुख्यालय में भीषण गर्मी के बीच पानी की बदहाल व्यवस्था लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। एक तरफ तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर गंगा जल योजना का पाइप फटने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग प्यास से बेहाल हैं और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।


फटे पाइप से रोज बह रहा हजारों लीटर पानी:-
नगर के पोस्टमार्टम रोड में गंगा जल योजना का पाइप कई दिनों से फटा हुआ है। पाइप से लगातार पानी बह रहा है, जिससे सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया है।
सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप:-
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइप की मरम्मत कर दी जाती तो इतनी बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद नहीं होता।
समाहरणालय का चापाकल भी खराब, लोग मजबूर:-
समाहरणालय परिसर में लगा चापाकल भी खराब पड़ा है। दूर-दराज से काम कराने आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
इंसान ही नहीं, पशु-पक्षी भी परेशान:-
भीषण गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। पानी की कमी के कारण जानवर और पक्षी भी इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं।
शहरवासियों का कहना है कि इस गर्मी में पानी की बर्बादी बेहद चिंताजनक है।
लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग:-
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब फटे पाइप की मरम्मत कराने और सार्वजनिक जल स्रोतों को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गर्मी में हालात और भयावह हो सकते हैं।
दूसरी ओर गोविंदपुर बाजार जलापूर्ति केन्द्र से पिछले करीब बीस दिनों से जलापूर्ति ठप रहने से हजारों लोगों को पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button