BlogCrimeLife StyleState

जिले में वज्रपात का कहर महिला समेत दो की मौत, दो जख्मी – नवादा |

जिले में वज्रपात का कहर महिला समेत दो की मौत, दो जख्मी
नवादा (रवीन्द्र नाथ भैया) जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई वज्रपात की घटना में महिला समेत दो की मौत हो गयी जबकि दो महिलाएं जख्मी हो गयी। इस क्रम में एक पशु की मौत हो गयी।
वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दोसुत पंचायत की बेल्ढ़ा गांव निवासी सुरेश सिंह के 42 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार सिंह की मौत वज्रपात से हो गई। बताया गया कि तेज आंधी व बारिश के साथ जोरदार गर्जना के साथ हुई वज्रपात से कौशल कुमार सिंह की मौत घटनास्थल पर हो गई। वज्रपात के समय कौशल गांव के बधार में मवेशी चरा रहे थे। बारिश बंद होने के बाद कौशल को किसी ग्रामीणों ने अचेतावस्था में देखा तथा परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पिता, पत्नी व चार बच्चे छोड़ गये है।
कौआकोल में महिला वज्रपात की चपेट में आई:-
कौआकोल प्रखंड क्षेत्र में जोरदार बारिश और तेज आंधी के बीच वज्रपात से मौत की घटनाएं सामने आई हैं। कौआकोल पंचायत अंतर्गत बिझो गांव में महिला की मौत हो गई, वहीं देवनगढ़ पंचायत अंतर्गत भोरमबाग गांव में एक दुधारू गाय की मौत हो गई ।
मृतका की पहचान बीझो गांव निवासी सुलेखा देवी (36 वर्ष), पति शिवदानी यादव के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि सुलेखा देवी गांव स्थित छठ घाट के पास अपने खेत में गोबर का मलवा फेंकने गई थी। उसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।
स्वजनों ने बताया कि सुलेखा देवी अपने पीछे तीन पुत्री एवं एक पुत्र छोड़ गई है। उनके पति शिवदानी यादव चंडीगढ़ में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
दुधारु गाय की मौत से रोजगार का संकट:-
भोरमबाग गांव निवासी टूकन चौधरी की दुधारू गाय गांव स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे बंधी हुई थी। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से गाय की मौके पर मौत हो गई। वहीं पास में बंधा बछड़ा बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पशुपालक परिवार में मातम का माहौल छा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गाय परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थी। घटना की सूचना पीड़ित पशुपालक द्वारा स्थानीय प्रशासन को दी गई है।
रोह प्रखंड क्षेत्र के पचम्बा गांव में हुई वज्रपात से दो महिलाएं जख्मी हो गयी। जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button