
नरहट : जिले के नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव में छेड़छाड़ के पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। घटना में चाकू मारकर दो लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। इस घटना के पीछे की वजह एक आरोपी को जेल होना बताया गया है।
मृतकों की हुई पहचान:-
मृतकों की पहचान मोहम्मद आरिफ के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद काशिफ और मोहम्मद इम्तियाज के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है। हमले में मोहम्मद आतिफ भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो मृतकों के ही परिवार से हैं। दूसरे पक्ष से मोहम्मद फहीम परवीन की पुत्री नजन परवीन जख्मी हुई हैं।
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद दानिश ने बताया कि उन्हें पहले से ही मारपीट की धमकियां मिल रही थीं। सोमवार को घटना से एक घंटे पहले भी धमकी दी गई थी कि उन्हें मार गिराया जाएगा। दानिश के अनुसार, 5-6 लोग आए और चाकू मारना शुरू कर दिया, जिसमें दो की मौत हो गई। तीसरा व्यक्ति बचाने गया तो वह भी घायल हो गया।
6 महीने पहले बहन से हुई थी छेड़छाड़:-
दानिश ने बताया कि लगभग छह महीने पहले उनकी चचेरी बहन के साथ छेड़खानी की घटना हुई थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था और मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपी आज जेल गया। इसी गुस्से में आकर घटना अंजाम दी गई है।
जमीन का विवाद गोतिया से चल रहा था: -फिरोजा खातून
दूसरे पक्ष की ओर से फिरोजा खातून ने आरोप लगाया कि उनका जमीन का विवाद अपने ही गोतिया से चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि कोई तीसरा व्यक्ति उनके गोतिया को भड़काने की कोशिश कर रहा था। फिरोजा खातून के अनुसार, पहले भी मारपीट हुई थी, जिसमें उनके परिवार के सदस्य जेल गए थे, और आज फिर इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की है।
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
एसपी बताई हत्या के पीछे की वजह:-
घटना के बाद एसपी अभिनव धीमान सदर अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी हासिल की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि दिसंबर महीने में छेड़खानी और मारपीट की घटना हुई थी। इसी मामले में एक आरोपी को कोर्ट में हाजिर किया गया था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। दूसरे पक्ष ने दो लोगों की चाकू मार कर हत्या कर दी।



