एक बार फिर से हांथियों ने मचाया उत्पात: – नवादा |

नवादा : जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सरकंडा पंचायत अंतर्गत सरस्वती बिगहा गांव में देर रात जंगली हाथियों के झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जाता है कि झुंड में दो वयस्क हाथी और एक शावक शामिल था, जो गांव के समीप स्थित एक गन्ने के खेत में घुस गया। हाथियों ने खेत में जमकर उत्पात मचाया जिससे फसल को नुकसान पहुंचा है।
वन विभाग को भी ग्रामीणों ने हाथियों की मौजूदगी की सूचना दी है, लेकिन काफी देर तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी।
ग्रामीणों ने मिलकर हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान जब हाथियों को भगाने की कोशिश की गई तो वे आक्रामक हो गए और लोगों की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए सभी लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया।
बाद में ग्रामीणों ने आग जलाकर तथा पटाखे छोड़कर हाथियों को खेत से बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड गन्ने के खेत से निकलकर दूसरे इलाके की ओर चला गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।



