BlogEntertainmentLife StyleStateVIDEO

पावापुरी के लहर वाटर पार्क मैदान में डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन, नालंदा हेरिटेज बनी चैंपियन – नालन्दा ।

पावापुरी (नालंदा)। गिरियक प्रखंड के लहर वाटर पार्क मैदान में आयोजित तीन दिवसीय डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। दो जुलाई से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला नालंदा हेरिटेज और पोखरपुर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें नालंदा हेरिटेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल में नालंदा हेरिटेज ने पहले सेट में 27-25 तथा दूसरे सेट में 25-20 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पोखरपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि नानंद की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नालंदा हेरिटेज के खिलाड़ी विश्वजीत को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाएं लागू हैं, जिसके तहत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी समेत अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।


प्रतियोगिता का आयोजन पावापुरी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद रविशंकर कुमार उर्फ राजाबाबू के नेतृत्व में किया गया। विजेता टीम नालंदा हेरिटेज को ₹11,000, उपविजेता पोखरपुर की टीम को ₹5,100 तथा तीसरे स्थान पर रही नानंद की टीम को ₹2,500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
आयोजक रविशंकर कुमार उर्फ राजाबाबू ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजन लगातार कराए जाएंगे।
समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button