BlogCrimeState

बिजली विभाग की लापरवाही से किसान की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप  – नवादा ।

नवादा। जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रजौली प्रखंड क्षेत्र के चितरकोली गांव का है, जहां खेत की सिंचाई कर रहे 63 वर्षीय किसान ब्रह्मदेव यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि ब्रह्मदेव यादव खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप चला रहे थे। इसी दौरान वे विद्युत स्पर्शाघात की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पोल से मोटर पंप तक बिजली का कनेक्शन तो लिया गया है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक व्यवस्थित बिजली तार नहीं लगाया गया है। इसके कारण लूंज-पुंज तार के सहारे मोटर पंप चलाया जा रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने के कारण किसानों को रात में भी सिंचाई के लिए खेतों में जाना पड़ता है। अंधेरे में जमीन पर गिरे बिजली के तार का पता नहीं चल पाता, जिससे किसान और मवेशी करंट की चपेट में आ जाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
लगातार हो रहे बिजली हादसों को लेकर किसानों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जर्जर और लूंज-पुंज तारों को हटाकर सुरक्षित बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button