AdministrationBlogState

मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने कच्ची दरगाह–बिदुपुर गंगा सेतु परियोजना कार्य का लिया जायजा – पटना |

रवि रंजन |

मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने परियोजना के मुख्य पुल के साथ-साथ दोनों तरफ बन रहे एप्रोच रोड (पहुंच मार्ग) सहित अन्य व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल एवं बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के अभियंता गण सहित अन्य लोग मौजूद रहें।

विभागीय सचिव ने मुख्य सचिव को जानकारी दी कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए तेजी से पूरा किया जा रहा है और परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शेष कार्य को जुलाई, 2026 के पहले सप्ताह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में पुल पर फिनिशिंग कार्यों के साथ-साथ एक्सपेंशन जॉइंट्स की स्ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी कार्य चल रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए। वरीय अधिकारी इसकी रोजाना मॉनिटरिंग करें। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें ताकि आम जनता के लिए इस मार्ग को शीघ्र खोला जा सके। उन्होंने बताया कि बिहार के परिवहन बुनियादी ढांचे के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जो राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच कनेक्टिविटी को पूरी तरह से बदल देगी।

पटना जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ सख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किमी लम्बाई के 6 लेन ग्रीनफिल्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत 9.76 किलोमीटर लम्बा पुल तथा 10 किलोमीटर लम्बा पहुंच पथों का निर्माण कार्य शामिल है। इस परियोजना का भौतिक कार्य 98.2 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली (कुल लम्बाई 4.57 किमी) का उद्घाटन किया जा चुका है।

यह सिक्स-लेन पुल, जो कि पटना के सबलपुर को एनएच-103 (बिदुपुर) से जोड़ता है, पटना-बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से सीधे जुड़ा होगा। कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिये पटना पहुँचने में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी।

यह परियोजना न केवल गंगा नदी को पार करने का एक सुगम मार्ग प्रदान करेगा, बल्कि हाजीपुर और समस्तीपुर की ओर जाने वाले यातायात को भी सुगम बनाएगा। यह मेगा प्रोजेक्ट पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाएगा। यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।सिक्स लेन पुल बिदुपुर तक शुरू किए जाने के बाद गांधी सेतु पर दबाव कम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button