लगातार दूसरे दिन गिरी छत का मलवा, बाल-बाल बचे मरीज, स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत – नवादा

नवादा : जिले के कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन पूरी तरह जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, लगातार छत गिरने की घटनाओं से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।पीएचसी के कार्यालय कक्ष की छत का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय कमरे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जर्जर भवन में काम करने को मजबूर कर्मी:-
इससे पहले मंगलवार को भी भवन की छत का हिस्सा गिरने से एएनएम सुनीता कुमारी घायल हो गई थीं। घटना के बाद से अस्पताल कर्मियों में भय और बढ़ गया है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि भवन पुराना और बेहद जर्जर हो चुका है, कई कमरों की छतों में दरारें हैं और प्लास्टर लगातार गिर रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और खतरनाक हो जाती है।

मरम्मत की मांग, प्रशासन से कार्रवाई की अपील:-
कर्मियों ने आरोप लगाया कि कई बार विभाग को मरम्मत और नए भवन निर्माण के लिए सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने भी जल्द भवन की मरम्मत और सुरक्षित व्यवस्था की मांग की है।



