जिलास्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक में कृषि योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा – नवादा |

नवादा : समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिलास्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनावार उपलब्धियों का अवलोकन किया गया तथा उनके प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मूंग, सूर्यमुखी, तेलहन एवं हाइब्रिड मक्का सहित विभिन्न फसलों के बीजों का लगभग शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभुक किसानों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
किसान निबंधन की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के कुल 1,86,174 लाभुक हैं, जिनमें से अब तक 1.04 लाख किसानों का निबंधन किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने शेष किसानों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मिट्टी नमूना जांच का लक्ष्य 3,933 निर्धारित है। इसके विरुद्ध प्रखंड स्तर पर 712 मिट्टी नमूने संग्रहित किए गए हैं तथा 61 नमूने प्रयोगशाला में प्राप्त हुए हैं। जिला पदाधिकारी ने किसानों को मिट्टी जांच के प्रति जागरूक करने तथा अधिकाधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया।
बैठक में किसान परिभ्रमण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। आत्मा के परियोजना निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल किसानों ने भ्रमण के दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों एवं कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की है तथा अपने क्षेत्रों में लौटकर उनका उपयोग भी प्रारंभ किया है। जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उर्वरक की उपलब्धता एवं कालाबाजारी रोकथाम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 240 छापेमारी अभियान संचालित किए गए, जिनमें 48 मामलों में अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई करते हुए दो उर्वरक विक्रेताओं की अनुज्ञप्ति रद्द की गई, छह अनुज्ञप्तियां निलंबित की गईं तथा 40 विक्रेताओं से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। जिला पदाधिकारी ने उर्वरकों की कालाबाजारी पर सतत निगरानी रखने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को सिंचाई हेतु विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि अधिकाधिक किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा प्राप्त हो सके।
बैठक में बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, डिजिटल क्रॉप सर्वे, वर्षापात, उद्यानिकी विकास तथा फसल बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसानों को समय पर लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में माननीय विधायिका,गोविंदपुर, उप विकास आयुक्त, नवादा, जिला कृषि पदाधिकारी, आत्मा के परियोजना निदेशक, विद्युत विभाग के पदाधिकारी तथा कृषि विभाग से संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



